डीएसपी बनकर गांव पहुंचे शोभित श्रीवास्तव का भव्य स्वागत, बधाई देने के लिए उमड़ा जनसैलाब
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट


स्थानीय प्रखंड के नौतन बाजार निवासी शोभित श्रीवास्तव 70वीं बीपीएससी परीक्षा पास कर डीएसपी का पद प्राप्त करने के बाद शुक्रवार को पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे, जहां पर उनका भव्य स्वागत हुआ। उनकी सफलता की खुशी में पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल था। सीवान रेलवे स्टेशन से लेकर उनके घर तक कई जगहों पर उनका स्वागत हुआ और उन्हें बधाई दी गई। उनके स्वागत में जनसैलाब उमड़ पड़ा। सबसे पहले सीवान रेलवे स्टेशन पर पहुंचे परिजनों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद बंका मोड़ स्थित पेट्रोल पंप परिसर में क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों, व्यवसायियों और सम्मानित व्यक्तियों ने माल्यार्पण कर उन्हें बधाई दी। नौतन बाजार स्थित उनके आवास पर सीवान संसदीय क्षेत्र की सांसद विजयलक्ष्मी देवी, पूर्व विधायक सह सांसद प्रतिनिधि रमेश कुशवाहा तथा दर्जनों एनडीए कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर शोभित को बधाई दी। सांसद प्रतिनिधि रमेश कुशवाहा ने उन्हें अंग-वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। मौके पर क्षेत्र के समाजसेवी, व्यवसायी और सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शोभित के पिता श्याम किशोर श्रीवास्तव के घर पर खुशी का माहौल छाया रहा। शोभित ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार, समाज और क्षेत्रवासियों के समर्थन से ही यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने युवाओं से परिश्रम करने की अपील भी की। शोभित श्रीवास्तव की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र में गर्व की लहर पैदा कर दी है। उनकी सफलता स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।












