दरभंगा में पिस्टल के साथ बदमाश अरेस्ट:चाय दुकान के पास से पुलिस ने पकड़ा, SDPO बोले- आपराधिक साजिश रच रहा था
दरभंगा की घनश्यामपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ अभियान चलाया है। इसके तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7.65 एमएम के लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है।पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी के पास से एक मैगजीन सहित लोडेड पिस्टल बरामद किया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास, हथियार के स्रोत और संभावित साजिश की जांच में जुट गई है आपराधिक घटना को अंजाम रचने की रच रहे थे साजिश मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बिरौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभाकर तिवारी ने जानकारी दी। इन्होंने बताया कि सोमवार को घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एसएच-88 स्थित पाली-मोसवासी मोड़ के पास बेचब यादव की चाय दुकान पर कुछ असामाजिक तत्व अवैध हथियार के साथ मौजूद हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महथवार गांव निवासी राजन मिश्रा, पिता गणेश मिश्रा, को हिरासत में लिया।तलाशी लेने पर उसकी कमर से 7.65 एमएम का एक अवैध लोडेड पिस्टल और मैगजीन बरामद हुआ। बरामद हथियार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से लाया गया, इसे किसने उपलब्ध कराया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है और उसके खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरामद हथियार की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसका इस्तेमाल किसी पूर्व आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं।










