बरौली के मैदान से निकलेगा देश का मेडल: शुरू होने जा रहा है ‘एकलव्य राज्य आवासीय खेल तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र’!
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के खेल जगत और विशेषकर बरौली के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली खबर है! मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा हमारे बरौली में ‘एकलव्य राज्य आवासीय खेल तीरंदाजी (Archery) प्रशिक्षण केंद्र’ का संचालन शीघ्र ही शुरू होने जा रहा है। इस विशेष सेंटर की स्थापना के लिए राजकीय मध्य विद्यालय, बरौली एवं पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरौली का चयन किया गया है। जानकारी के अनुसार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण (भा.प्र.से.) द्वारा जारी आदेश के तहत, इस केंद्र को छपरा (सारण) के आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नैनी से स्थानांतरित कर अब बरौली (गोपालगंज) में पूरी तरह क्रियाशील किया जा रहा है।
इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए बरौली के लोकप्रिय विधायक श्री मंजीत सिंह जी ने सभी चयनित युवा खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और खेल प्रेमियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि: यह बरौली के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। अब हमारे क्षेत्र के युवाओं को विश्वस्तरीय ट्रेनिंग के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि बरौली के इस मैदान से ट्रेनिंग लेकर हमारे युवा तीरंदाज सीधे देश के लिए मेडल जीतने का रास्ता साफ करेंगे और अंतरराष्ट्रीय पटल पर बिहार व देश का नाम रोशन करेंगे। बिहार सरकार के खेल विभाग द्वारा 1 दिसंबर 2025 को हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद लिए गए इस फैसले से स्थानीय स्तर पर खेल संस्कृति को एक नया जीवन मिलेगा। वह दिन दूर नहीं जब बरौली के इस एकलव्य केंद्र से निकले तीरंदाज ओलंपिक और एशियाई खेलों के मंच पर सीधे ‘सटीक निशाना’ साधते नजर आएंगे!












