आंगनवाड़ी के नव निर्मित भवन का सीडीपीओ और मुखिया ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों में खुशी की लहर
कटेया (गोपालगंज)। कटेया प्रखंड की पड़रिया पंचायत के परिवध गांव में बुधवार को आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-140 के नव निर्मित भवन का भव्य उद्घाटन किया गया। पंचायत के मुखिया विवेक कुमार श्रीवास्तव एवं कटेया के सीडीपीओ रितेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवन का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के अवसर पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 20 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद गांव में इस तरह का विकास कार्य हुआ है, जिससे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ रितेश कुमार ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। वहीं मुखिया विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और आगे भी जनहित की योजनाओं को तेजी से पूरा कराया जाएगा।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी सेविका प्रेमशिला देवी, सहायिका तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।










