हाईवे पर लापरवाही अब नहीं चलेगी! डीएम समीर सौरभ का सख्त संदेश— सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (IAS) की अध्यक्षता में जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एवं अंचलाधिकारी (CO) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, अतिक्रमण, अनाधिकृत पार्किंग तथा यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित स्थलों को तत्काल चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) का संचालन पूरी तरह सुचारू रखा जाए तथा सड़क पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, क्रेन एवं अन्य राहत सेवाएं हर समय सक्रिय रहें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद त्वरित राहत और बचाव कार्य ही कई लोगों की जान बचा सकता है।बैठक में हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निरीक्षण करने और सड़क सुरक्षा के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त हाईवे उपलब्ध कराना है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर मिल सके।












