गोपालगंज: मुहर्रम के ताजिया जुलूस में खूनी वारदात, युवक पर चाकू से हमला, सिर पर गंभीर चोट
गोपालगंज। जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के दहीभाता गांव में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 20 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल युवक की पहचान दहीभाता गांव निवासी जुल्फिकार शेख अली के 20 वर्षीय पुत्र अलनूर शेख के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अलनूर शेख मुहर्रम के ताजिया जुलूस में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। जब अलनूर ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने चाकू से उसके सिर पर हमला कर दिया। वार इतना तेज था कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद जुलूस स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।












