बिहार में खूनी वारदात: स्टेज से उतरते ही डांसर को बदमाशों ने घेरा, जातिसूचक गालियां देकर पेट में मार दी गोली! मौत
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज (कटेया): बिहार के गोपालगंज जिले के कटैया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक आर्केस्ट्रा प्रोग्राम के दौरान एक 31 वर्षीय युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना 18 जून 2026 की रात की है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी और पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, देवरिया (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले सोनू गोंड (31 वर्ष) पिछले करीब सात वर्षों से एक ड्रामा पार्टी में बतौर डांसर (कलाकार) काम कर रहे थे। 18 जून की रात कटैया थाना क्षेत्र के ग्राम पोतहवां (पंचायत भगवानपुर) में एक कार्यक्रम का आयोजन था।सोनू गोंड जैसे ही अपना नृत्य (डांस) खत्म कर स्टेज से नीचे उतरे, वहां मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपी उनके साथ बदतमीजी, छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करने लगे। जब सोनू गोंड ने इस दुर्व्यवहार और जातिसूचक गालियों का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी उग्र हो गए। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने सोनू को दबोच लिया और एक आरोपी शैलेश सिंह ने अवैध हथियार (असलाह) सीधे सोनू के पेट से सटाकर गोली दाग दी। गोली लगते ही सोनू खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। यह खूनी खेल रात के करीब 1:00 बजे खेला गया। गोलीबारी के बाद कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल सोनू को कटैया के रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक सोनू गोंड अनुसूचित जन-जाति (ST) वर्ग से आते थे और अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे, जिससे उनके पूरे परिवार का पालन-पोषण होता था। उनकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पत्नी सुनीता देवी द्वारा कटैया थाना प्रभारी को दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में मुख्य रूप से निम्नलिखित आरोपियों को नामजद किया गया है: शैलेश सिंह (उम्र 26 वर्ष), पिता: स्व. पूरन सिंह (मुख्य आरोपी, जिसने गोली मारी), अल्बू हसन (उम्र 24 वर्ष), अमन ठाकुर, पिता: डब्लू ठाकुर, मन्नू गोंड, पिता: अज्ञात। आवेदन पर कटेया थाने द्वारा तुरंत संज्ञान लेते हुए Case No. 329/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून की विभिन्न धाराओं और SC/ST Act के तहत जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।












