गोपालगंज में रास्ते के मामूली विवाद में खूनी संघर्ष: इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को दबोचा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिला अंतर्गत बरौली थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। महज एक बकरी के बच्चे को मोटरसाइकिल से धक्का लग जाने के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हो गई। इस खूनी झड़प में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत बीते 7 जून 2026 को हुई थी। बरौली थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में एक मोटरसाइकिल से बकरी के बच्चे को हल्की टक्कर लग गई। इसी बात को लेकर रास्ते पर ही दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों और हिंसक मारपीट में तब्दील हो गई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मदद से तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज में भर्ती कराया गया। घायलों में से प्रथम पक्ष के एक व्यक्ति की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) रेफर कर दिया था।दुर्भाग्यवश, जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए 8 जून 2026 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) एवं बरौली थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से प्राथमिकी दर्ज की है। प्रथम पक्ष के फर्दबयान के आधार पर बरौली थाना कांड संख्या 189/26 दर्ज किया गया था, वहीं दूसरे पक्ष के आवेदन पर कांड संख्या 193/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है जिसमे अरविंद मांझी (पिता- मोहन मांझी, निवासी- फतेहपुर, थाना- बरौली) – कांड संख्या 189/26 का प्राथमिकी अभियुक्त, गोलू कुमार (पिता- बच्चा राम, निवासी- फतेहपुर, थाना- बरौली) – कांड संख्या 193/26 का अभियुक्त शामिल है। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, मामले में संलिप्त शेष नामजद एवं अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।











