गोपालगंज में 15 दिन बाद ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: कटा सिर और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज। जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र में मिले सिरकटी लाश के सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 15 दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए मृतक का कटा हुआ सिर तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को विशंभरपुर थाना क्षेत्र के दियर विजयपुर स्थित गन्ने के खेत से एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच में मामला नृशंस हत्या का प्रतीत होने पर एफआईआर दर्ज कर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले कपड़ों और पास में बरामद मोटरसाइकिल के आधार पर मृतक की पहचान मोहम्मद मुस्तफा (पिता- स्व. मोहम्मद राजा), निवासी सिरसिया, थाना कुचायकोट के रूप में हुई।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे और वह उन्हें बहला-फुसलाकर शोषण करता था। इसी दौरान एक नाबालिग लड़की से भी उसके संबंध होने और उसके शोषण की बात सामने आई। आरोप है कि मृतक ने लड़की के पिता और होने वाले पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी और इसके लिए अपने साथी लालबाबू यादव के माध्यम से दो लाख रुपये की सुपारी दी थी।
हालांकि, जिन लोगों को सुपारी दी गई थी, उन्होंने मृतक की गतिविधियों से नाराज होकर उसी की हत्या की साजिश रच डाली। पूर्व नियोजित योजना के तहत घटना वाले दिन आरोपियों ने मोहम्मद मुस्तफा को दियर विजयपुर बुलाया, जहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर सिर धड़ से अलग कर दिया। वारदात के बाद सिर और हत्या में प्रयुक्त चाकू को खेत में छिपा दिया गया।
गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का कटा हुआ सिर और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। बरामद मानव खोपड़ी और हथियार को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी
लालबाबू यादव, निवासी विशंभरपुर (वर्तमान पता- कुचायकोट)
शंभू यादव, निवासी खेम मटिहनिया, थाना विशंभरपुर
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच, मानवीय सूचनाओं और गहन पूछताछ के आधार पर इस जघन्य ब्लाइंड मर्डर केस का सफल उद्भेदन किया गया है।












