ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: गोपालगंज पुलिस ने बरामद किए 74 गुम मोबाइल, असली मालिकों को लौटाए
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित अभियान के दौरान CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 74 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंप दिए गए। लंबे समय से अपना मोबाइल खो चुके लोगों को जब उनका फोन वापस मिला तो उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने गोपालगंज पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद करने की प्रक्रिया लगातार जारी है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल अथवा नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
गोपालगंज पुलिस ने कहा कि जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिल सके और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।












