गोपालगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: महिला से लूट और चाकूबाजी कांड का खुलासा, ₹20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज जिले की महम्मदपुर थाना पुलिस ने महिला से लूट एवं चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात का सफल उद्भेदन करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित ₹20 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को महम्मदपुर थाना क्षेत्र के विलरपुर स्थित शिव मंदिर के समीप सड़क पर बाइक सवार चार अपराधियों ने एक महिला से मंगलसूत्र, कान का झुमका, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिया था। विरोध करने पर अपराधियों ने महिला पर चाकू से हमला कर उसे घायल भी कर दिया था। इस मामले में महम्मदपुर थाना कांड संख्या 162/2026 दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई और मुख्य आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने अभिषेक कुमार उर्फ टमाटर, पिता स्व. शिवजी महतो, निवासी सलेहपुर, थाना महम्मदपुर, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹20,000 का इनाम घोषित किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, घटना में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गोपालगंज पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।











