गोपालगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: मोटरसाइकिल चोरी गैंग का भंडाफोड़, चोरी की बाइक के पुर्जे-पुर्जे अलग करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले की पुलिस को वाहन चोरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मांझागढ़ थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले का महज कुछ ही दिनों के भीतर न केवल सफल उद्भेदन (खुलासा) कर दिया है, बल्कि चोरी की गई बाइक को बरामद कर इस गिरोह के मुख्य सरगना को भी दबोच लिया है। इस मामले में एक शातिर आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को निरुद्ध किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 13 जून 2026 को मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी बाजार से बलिसटर यादव (निवासी: निमुईया, मांझागढ़) की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में 14 जून को मांझागढ़ थाना में कांड संख्या 263/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) और मांझागढ़ के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर पुलिस कड़ियां जोड़ते हुए बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर ग्राम पहुंची, जहाँ एक विधि विरुद्ध बालक के घर से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पूछताछ के दौरान पकड़े गए नाबालिगों ने जो खुलासे किए, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। ये लोग मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद देवापुर निवासी रामू कुमार (पिता: छोटेलाल साहनी) के पास भेज देते थे। रामू कुमार बेहद शातिर ढंग से इन चोरी की मोटरसाइकिलों के कल-पुर्जे (Parts) खोलकर उन्हें बाजार में खपाने का धंधा करता था, ताकि गाड़ी का कभी पता न चल सके। सुराग मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देवापुर में छापेमारी की और मुख्य आरोपी रामू कुमार को धर दबोचा। पुलिस ने चोरी की बाइक को भी विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त रामू कुमार और दोनों विधि विरुद्ध बालकों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।












