गोपालगंज में बड़ी सफलता: 12 दिन से लापता दो नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद, सिवान से खोज लाई पुलिस
गोपालगंज। जिले के बरौली थाना क्षेत्र के ग्राम बलहा से लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। इस सफलता से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 07 फरवरी 2026 को विकास कुमार (पुत्र शिवजी साह) एवं रेहान आलम (पुत्र शमशाद आलम), दोनों निवासी ग्राम बलहा, के अचानक लापता होने की सूचना बरौली थाने को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना में कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 एवं बरौली थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों के सहारे पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए दोनों बच्चों को सिवान जिले से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद मालिक द्वारा बनवाने के लिए दबाव और डांट-फटकार से डरकर वे कमाने के उद्देश्य से सिवान चले गए थे।
पुलिस द्वारा मामले के सभी बिंदुओं पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है।











