गोपालगंज पुलिस की बड़ी पहल: वांछित अपराधियों की सूचना देने पर मिलेगा ₹20 हजार तक का इनाम!
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए गोपालगंज पुलिस ने अहम कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गंभीर मामलों में फरार चल रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी में सहयोग करने वाले लोगों को ₹10,000 से ₹20,000 तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इन वांछित अपराधियों के ठिकाने या चोरी गए सामान के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी थाना या गोपालगंज पुलिस हेल्पलाइन 9031827299 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
महम्मदपुर थाना के वांछित अभियुक्त अभिषेक कुमार उर्फ टमाटर की गिरफ्तारी पर ₹20,000 का इनाम। भोरे थाना के वांछित अभियुक्त मुकेश महतो (मादक पदार्थ तस्करी कांड) की गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम। जादोपुर थाना के वांछित अभियुक्त राकेश राय (शराब माफिया एवं आर्म्स एक्ट कांड) की गिरफ्तारी पर ₹20,000 का इनाम। महम्मदपुर थाना कांड संख्या 109/26 में चोरी गई करीब 24 ग्राम सोने की चेन की बरामदगी या संबंधित सूचना पर ₹10,000 का इनाम। कटेया थाना कांड संख्या 88/26 में चोरी गए 3 किलोग्राम चांदी एवं 15 ग्राम सोने के आभूषण की बरामदगी अथवा अभियुक्त की गिरफ्तारी में सहयोग करने पर ₹20,000 का इनाम।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी में आम जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। विश्वसनीय सूचना मिलने पर नियमानुसार घोषित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी तथा सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी।











