गोपालगंज पुलिस की बड़ी पहल: मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी पैनी नजर!
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए गोपालगंज पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। आज जिले के फुलवरिया, गोपालपुर और विजयपुर थाना अंतर्गत विशेष शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखना है। बैठक में थाना क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिस प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपसी समन्वय बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों से जुलूस और त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई सोशल मीडिया या किसी भी अन्य माध्यम से फैलने वाली भ्रामक और गलत खबरों (अफवाहों) पर बिल्कुल विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे या किसी अप्रिय घटना की सूचना मिले, तो तत्काल इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दें।
“गोपालगंज पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा में सदैव तत्पर” — बैठक के अंत में पुलिस ने आम जनता को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया और एक सुर में शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का संकल्प लिया।












