गोपालगंज में बड़ा फर्जीवाड़ा: दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाकर पुलिस को चकमा देने वाला अभियुक्त गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शातिर व्यक्ति ने नियमों को ताक पर रखकर एक नहीं, बल्कि दो अलग-अलग पासपोर्ट हासिल कर लिए। हालांकि, कानून के लंबे हाथों से वह ज्यादा दिन बच नहीं सका।बरौली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जालसाजी के मुख्य आरोपी को धर दबोचा है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना से प्राप्त एक जांच रिपोर्ट के बाद इस पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। जांच और उपलब्ध दस्तावेजों से यह साफ हुआ कि बरौली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने दो अलग-अलग पहचान और विवरणों का इस्तेमाल कर दो पृथक-पृथक (अलग) पासपोर्ट बनवाए थे। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इरसाद आलम (पिता: मोहम्मद नुरैन, निवासी: बलहा, थाना: बरौली, जिला: गोपालगंज) के रूप में हुई है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, इरसाद ने अलग-अलग जन्मतिथि, जन्मस्थान और अन्य व्यक्तिगत जानकारियों में हेरफेर किया। उसने जानबूझकर तथ्यों को छुपाया और भ्रामक जानकारी देकर सक्षम प्राधिकारी (passport authority) को गुमराह किया, ताकि वह दो पासपोर्ट हासिल कर सके। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की रिपोर्ट के आधार पर बरौली थाने में कांड संख्या- 183/26 (दिनांक 03.06.2026) दर्ज किया गया।मामला दर्ज होते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इरसाद आलम को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा (Judicial Custody) में भेजा जा चूका है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों और गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिससे इस फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।
