थावे मंदिर मुकुट चोरी कांड में बड़ा फैसला: चार अभियुक्तों को 7-7 वर्ष, एक को 3 वर्ष का कठोर कारावास
नवरात्रि को लेकर थावे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा, कांड के उद्भेदन और त्वरित विचारण में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज ने थावे मंदिर परिसर का निरीक्षण कर नवरात्रि के दौरान सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में थावे मंदिर मुकुट चोरी कांड में न्यायालय द्वारा सुनाई गई सजा के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस मामले में चार अभियुक्तों को 7-7 वर्ष तथा एक अभियुक्त को 3 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। यह फैसला कांड के अनुसंधान और न्यायिक प्रक्रिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
बेहतर पुलिसिंग के लिए पदाधिकारी एवं कर्मी सम्मानित
मुकुट चोरी कांड के सफल उद्भेदन तथा मामले के त्वरित विचारण में सराहनीय योगदान देने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके योगदान की सराहना की।
इस कार्रवाई से पुलिस प्रशासन ने अपराध के अनुसंधान, आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया तक पहुंचाने और प्रभावी पुलिसिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।
वहीं, नवरात्रि के मद्देनजर थावे मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।












