गोपालपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की स्कॉर्पियो और फर्जी नंबर प्लेट के साथ तीन गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संगठित शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की स्कॉर्पियो और उस पर लगी फर्जी नंबर प्लेट के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 6 जुलाई को गोपालपुर थाना क्षेत्र के लाछपुर तकियाबारी नहर पुल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया और उसमें सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजाद आलम (फुलवरिया, गोपालगंज), फैसल रजा (हथुआ, गोपालगंज) तथा इमाम हुसैन (बड़हरिया, सिवान) के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि स्कॉर्पियो चोरी की है और उस पर पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। वाहन के वास्तविक चेसिस एवं इंजन नंबर का सत्यापन कर इसकी पुष्टि की गई।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिहार के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह चोरी के वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शराब की तस्करी करता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। इस मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 216/26 दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दो आरोपियों पर पहले से भी विभिन्न थानों में शराब तस्करी, चोरी, आर्म्स एक्ट एवं अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पूरे नेटवर्क का तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।












