गोपालगंज पुलिस का बड़ा एक्शन: 7 मवेशियों से भरा पिकअप जब्त, तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। उचकागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 07 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया। हालांकि अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान उचकागांव थाना क्षेत्र के ग्राम गुरुइसा स्थित जिन बाबा स्थान के समीप वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 07 मवेशी क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बंधे हुए मिले। पुलिस ने तत्काल सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई तथा पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस ने वाहन मालिक एवं फरार चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












