गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के फरार आरोपी के घर हुई कुर्की
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिधवलिया थाना क्षेत्र में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के एक फरार आरोपी के घर कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सिधवलिया थाना कांड संख्या 34/21, धारा 376/34 भादवि एवं 4/6 पॉक्सो एक्ट के आरोपी पवन कुमार, पिता धर्मनाथ प्रसाद, निवासी बचिया इनामी टोला, थाना सिधवलिया, जिला गोपालगंज, के विरुद्ध माननीय न्यायालय के आदेश के आलोक में कुर्की अभियान चलाया गया। न्यायालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर विधिसम्मत तरीके से संपत्ति कुर्क की। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में घर में रखे सामान को जब्त किया गया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने अपराधियों को जल्द न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने की चेतावनी भी दी है।











