गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिधवलिया में स्विफ्ट कार से 215 लीटर विदेशी शराब बरामद, वाहन जब्त।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज ।। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए गोपालगंज पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक (SP) गोपालगंज के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के सिंडिकेट और तस्करों के खिलाफ एक विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज सिधवलिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मिली जानकारी के अनुसार, सिधवलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस को इलाके में कार से शराब तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम बघवार के पास नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच (वाहनों की चेकिंग) शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए।कार के भीतर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार से कुल 215 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी विधिवत तरीके से जब्त कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए वाहन मालिक और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।












