गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ई-रिक्शा से तस्करी की जा रही 153 लीटर विदेशी शराब जब्त, महिला समेत दो गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को कड़ाई से लागू करने के लिए गोपालगंज पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (SP) गोपालगंज के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, कटेया थाना पुलिस को ग्राम पटोहवा के समीप अवैध शराब के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटोहवा के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। ई-रिक्शा के अंदर छिपाकर रखी गई कुल 153 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा को विधिवत जब्त कर लिया है और मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजकुमार मदेशिया, पिता- स्वर्गीय ललन प्रसाद मदेशिया (निवासी: कटेया बाजार, वार्ड नंबर-04, थाना- कटेया, जिला- गोपालगंज) के रूप मे हुयी है साथ ही एक महिला आरोपी (जिसका नाम कानूनन गोपनीय रखा गया है)।
कटेया थाना पुलिस ने इस मामले में मद्यनिषेध कानून के तहत कांड दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गोपालगंज पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे “शराब नहीं, सेहत चुनें और खुशहाल रहें।” पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।












