*गोपालगंज: कटेया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की बाइक के साथ दो शातिर गिरफ्तार।*
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के कटेया थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नियमित गश्ती और संदिग्धों की निगरानी के दौरान की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटेया थाना के परि. पु. अ. नि. रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ग्राम मानिकछापर जिनबाबा स्थान के पास वाहन चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान रात्रि करीब 8:05 बजे उत्तर प्रदेश की दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को जब रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। गिरफ्तार युवकों की पहचान साहिल अंसारी (18 वर्ष), पिता- अनिल अंसारी, निवासी- कपूरी, थाना- कटेया तथा गुलसन पासवान (20 वर्ष), पिता- शिवशंकर पासवान, निवासी- मानिकछापर, थाना- कटेया रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक HERO SPLENDOR PLUS (सिल्वर और स्काई ब्लू रंग) मोटरसाइकिल बरामद की, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP57BK8238 है। इसके अलावा साहिल अंसारी के पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के कागजात मांगे, तो आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर यह स्पष्ट हुआ कि बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है। कटेया थाना पुलिस ने मामला दर्ज (केस संख्या 256/26) कर लिया है और आरोपियों को सुसंगत धाराओं के तहत जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
