नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वाहन जांच के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 और 26 अगस्त 2026 की रात नगर थाना क्षेत्र के जगलिया मोड़ स्थित अली राजा पेट्रोल पंप के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मोटरसाइकिल चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। मामले में नगर थाना कांड संख्या 852/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
इसी क्रम में 31 अगस्त 2026 को नगर थाना पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोककर उसके कागजात की मांग की। सवारों द्वारा वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया।
तीनों ने चोरी की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम दुर्गेश कुमार, जीतन कुमार और मुकेश कुमार बताए। पूछताछ के दौरान तीनों ने बताया कि वे आपस में घनिष्ठ मित्र हैं और शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। शराब के परिवहन के लिए मोटरसाइकिल की आवश्यकता होने पर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, दुर्गेश कुमार ने बताया कि 25 अगस्त की रात उसने अपने साथियों जीतन कुमार एवं मुकेश कुमार के साथ जगलिया मोड़ स्थित अली राजा पेट्रोल पंप के पास से मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिल का उपयोग शराब के परिवहन के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
दुर्गेश कुमार, पिता– हरिलाल भगत, सा०– रामपुर माधो, थाना– कुचायकोट, जिला– गोपालगंज।
जीतन कुमार, पिता– बाहु यादव, सा०– हेम बरदाहा, थाना– कुचायकोट, जिला– गोपालगंज।
मुकेश कुमार, पिता– उपेंद्र ठाकुर, सा०– बलुआ टोला, थाना– जादोपुर, जिला– गोपालगंज।
पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।












