नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास के चार आरोपित गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। गोपालगंज पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मामलों का सफल उद्भेदन करते हुए चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाना कांड संख्या 737/26 एवं 738/26 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामलों में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी चार आरोपितों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में राज कुरैशी, साबिर अली, विकाश कुमार तथा प्रशांत कुमार शामिल हैं। सभी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर आरोप दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












