24 घंटे में बैट्री चोरी गिरोह का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
सनम मलिक की रिपोर्ट
बांदा। गिरवां थाना पुलिस ने बैट्री चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए घटना की सूचना मिलने के महज 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बैट्री भी बरामद की है।
20 अगस्त 2026 को थाना गिरवां क्षेत्र निवासी योगेन्द्र ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात चोर पंचायत भवन में खड़ी ई-रिक्शा कूड़ा गाड़ी की बैट्री चोरी कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया।
इसी क्रम में पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दम्मापुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की बैट्री बरामद हुई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बैट्री चोरी की घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा हो गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।











