हत्या और SC/ST एक्ट मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता
गोपालगंज ब्यूरो: आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उचकागांव थाना पुलिस ने हत्या एवं SC/ST एक्ट से जुड़े चर्चित मामले के एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उचकागांव थाना कांड संख्या 299/25 में हत्या, मारपीट और SC/ST एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी के आरोपी कयामुद्दीन मियां, पिता गंभीर मियां, निवासी ब्रह्माईन, थाना उचकागांव को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी फरार आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस का संदेश: “अपराध करने वालों की जगह सलाखों के पीछे है। गोपालगंज पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”












