राइफल क्लब मैदान में गूंजा क्रिकेट का जुनून – क्रांतिवीर T10 टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबला
बांदा। राइफल क्लब मैदान में आयोजित स्वर्गीय मोहित सिंह मेमोरियल क्रांतिवीर T10 क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन–3 के चौथे दिन खेल प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। मुकाबला था भगत सिंह इंकलाब और सरदार उधम सिंह टीमों के बीच, जहां खिलाड़ियों ने जोश, जुनून और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। दर्शक देर तक तालियों और नारों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने मैदान पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “इस मैदान ने प्रदेश, देश ही नहीं बल्कि विदेश तक खिलाड़ियों को पहचान दिलाई है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप भी अपने हुनर से जिले का नाम रोशन करेंगे। हमारे जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं, जरूरत है उन्हें सही मंच और सुविधाएं देने की।”
खेल प्रेमियों ने राजेश दीक्षित के उस संघर्ष की भी सराहना की, जिसके तहत राइफल क्लब मैदान को नीलामी से बचाने के लिए जनआंदोलन चलाया गया था। लोगों का कहना था कि यदि यह मैदान बचाया नहीं जाता तो आज इस तरह के आयोजन संभव नहीं हो पाते।
मैच के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक मौजूद रहे। वरिष्ठ खिलाड़ी मगरवी जी की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। वहीं कमेंट्री बॉक्स में मोनू शुक्ला, अबरार भाई, मिनी जीतू भाई, अमित दीक्षित और सुनील सक्सेना ने अपनी आवाज़ से मैच को और रोमांचक बना दिया। कई टीमों के ऑनर और खिलाड़ी भी आयोजन में शामिल रहे।
टूर्नामेंट का यह मुकाबला सिर्फ खेल नहीं बल्कि देशभक्ति के नाम पर बनी टीमों के बीच जोश और सम्मान की टक्कर भी बन गया, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।
रिपोर्ट – सनम, बांदा












