नरक बनी मुख्य सड़क: मांझागढ़ के लंगटुहाता और पुरानी बाजार के बीच सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मांझागढ़ (गोपालगंज)।। विकास के दावों के बीच मांझा पूर्वी पंचायत से एक ऐसी तस्वीर सामने आ रही है, जो स्थानीय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के लंगटुहाता और पुरानी बाजार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क वर्तमान में एक गंदे नाले में तब्दील हो चुकी है। सड़क पर जलजमाव की स्थिति इतनी भयावह है कि घुटनों तक नाले का पानी जमा है। राहगीरों को इसी दुर्गंधयुक्त और दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।गंदे पानी के जमाव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में महामारी फैलने का डर बना हुआ है।पुरानी बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग की यह हालत होने के कारण स्थानीय दुकानदारों का धंधा भी चौपट हो रहा है। पानी के बीच छिपे गड्ढों के कारण आए दिन साइकिल और बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
यह सड़क कम और गंदा नाला ज्यादा नजर आती है। क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या महामारी के फैलने का इंतजार कर रहा है?” — स्थानीय ग्रामीण












