ठंड की मार से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, खेत में मिला शव
भोरे/गोपालगंज
भोरे थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर वार्ड नंबर 18 में उस समय सनसनी फैल गई जब गेहूं के खेत में राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत अवस्था में पाया गया। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जैसे ही मोर का शव देखा, तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। अधिकारियों ने आसपास के इलाके का निरीक्षण कर मोर की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया।प्रारंभिक जांच के बाद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने बताया कि कड़ाके की ठंड के कारण मोर की मौत होने की आशंका है। ठंड के बढ़ते प्रकोप से वन्य जीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इस मौसम में पक्षियों और वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।












