90 बोतल देसी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय पुलिस ने बुधवार की देर शाम में वाहन जांच के दौरान 90 बोतल देसी शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक बाइक भी जप्त की गई है। बता दें कि बुधवार की शाम में स्थानीय पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश से बाइक पर देसी शराब लेकर एक तस्कर रामगढ़ नहर पुल के रास्ते बिहार में सप्लाई करने जा रहा है। सूचना मिलते ही नौतन थाने के एसआई विपिन कुमार पुलिस बल के साथ उक्त मार्ग पर सघन वाहन जांच करने लगे। इसी बीच एक बाइक सवार पीछे बाइक पर बोली लादे आ रहा था, जिसे रोककर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर लदी बोरी से उत्तर प्रदेश निर्मित 90 बोतल बंटी बबली देशी शराब बरामद किया गया। इसके साथ ही बाइक को जब्त कर तस्कर को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। थानाध्यक्ष शशी रंजन ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र के छोटका हथुआ निवासी विपिन कुमार है। उसे रामगढ़ नहर पुल के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया।












