ज़िला परिषद की 161 एकड़ भूमि से बदलेगी सीतामढ़ी की तस्वीर: पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश
डॉ.राहुल कुमार द्विवेदी, सीतामढ़ी।







बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री श्री दीपक प्रकाश अपने एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत सोमवार को सीतामढ़ी पहुँचे। उनके आगमन पर प्रशासनिक एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर सीतामढ़ी परिसदन में मंत्री की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संदीप कुमार उप विकास आयुक्त सीतामढ़ी, पटना मुख्यालय से पंचायती राज विभाग के उप सचिव श्री नजर हुसैन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला परिषद के पदाधिकारी सहित जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत में जिला पंचायती राज पदाधिकारी द्वारा जिले में संचालित पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर मंत्री द्वारा बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मंत्री श्री दीपक प्रकाश ने कहा कि सीतामढ़ी जिला परिषद के पास कुल 161.56 एकड़ रिक्त भूमि उपलब्ध है, जिसका सुनियोजित एवं प्रभावी विकास कर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि इन भूमि खंडों का उपयोग दुकानों, मार्केट कॉम्प्लेक्स, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, मॉल तथा आवासीय परिसरों के निर्माण के लिए किया जाए। इससे न केवल जिला परिषद की आय में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला परिषद की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमित भूमि को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराने तथा इस संबंध में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, रिक्त भूमि से संबंधित स्पष्ट एवं अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिया कि जिला परिषद की सभी भूमि का विस्तृत, सत्यापित एवं अद्यतन विवरण शीघ्र विभाग को उपलब्ध कराया जाए। मंत्री ने पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुँचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती अदिती कुमारी ने कहा जिला परिषद की भूमि और संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सीतामढ़ी को विकास की नई दिशा देने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। मंत्री श्री दीपक प्रकाश द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए रोजगार सृजन, राजस्व वृद्धि और पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। बैठक के उपरांत मंत्री श्री दीपक प्रकाश ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए जिला परिषद सदस्यों एवं उनके प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, विकास संबंधी आवश्यकताओं और सुझावों से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिला परिषद सीतामढ़ी अध्यक्ष अदिती कुमारी के आवास पर दही चूड़ा भोज भी आयोजित किया गया था। कुल मिलाकर, मंत्री का यह दौरा सीतामढ़ी जिले में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्थानीय विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा हैं।












