सिवान जिला पुलिस लाइन में डीआईजी ने ली पीटी परेड, दिए अनुशासन व कार्यकुशलता के निर्देश
पंकज सिंह/ सिवान
सिवान जिला पुलिस लाइन में आज डीआईजी के द्वारा पुलिसकर्मियों की पीटी परेड कराई गई। परेड के दौरान डीआईजी ने पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और एकरूपता का गहन निरीक्षण किया। परेड में जवानों ने निर्धारित मानकों के अनुसार ड्रिल, मार्च पास्ट एवं व्यायाम का प्रदर्शन किया।
डीआईजी ने परेड के बाद उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस बल की मजबूती का आधार शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और समयबद्धता है। उन्होंने नियमित पीटी, प्रशिक्षण और अनुशासन का पालन करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि बेहतर शारीरिक क्षमता से ही पुलिसकर्मी जनता की सेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने जवानों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करने की अपील की।
इस अवसर पर सिवान के वरीय पुलिस अधिकारी, पुलिस लाइन के प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।












