चार्टर्ड अकाउंटेंट की परीक्षा में गौरव कुमार सिंह ने रचा इतिहास, गांव–जवार का बढ़ाया मान
छपरा/दाउदपुर
पंकज सिंह की रिपोर्ट
छपरा जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवार गांव के होनहार युवक गौरव कुमार सिंह ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की कठिन परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से बनवार गांव सहित आसपास के इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है।

गौरव कुमार सिंह की सफलता से यह सिद्ध हो गया है कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि को गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।
गौरव कुमार सिंह के पिता रविंद्र कुमार सिंह वर्तमान में नेपाल में फॉरेन सर्विस के अंतर्गत एग्रीकल्चर विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं उनके बड़े भाई ने देहरादून इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पढ़ाई पूरी कर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। शिक्षित और संस्कारित पारिवारिक वातावरण ने गौरव की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
गांव के लोगों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने गौरव कुमार सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि गौरव की यह सफलता आने वाली पीढ़ी को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की ओर प्रेरित करेगी।












