पश्चिम बंगाल में भाजपा संगठन को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
— संगठन महामंत्री श्री मान अमिताभ चक्रवर्ती से डॉ. मिथिलेश कुमार की मुलाकात, संगठनात्मक रणनीति पर हुआ गहन विमर्श—
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार और संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भाजपा बिहार के जुझारू, अनुभवी एवं कर्मठ कार्यकर्ता, प्रदेश प्रवक्ता तथा सीतामढ़ी के पूर्व नगर विधायक डॉ. मिथिलेश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल के मा. संगठन महामंत्री श्री मान अमिताभ चक्रवर्ती जी से शिष्टाचार भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह भेंट न केवल संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि आगामी समय में पश्चिम बंगाल में भाजपा को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की रणनीति का भी संकेत देती है। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, कार्यकर्ता प्रशिक्षण, जनसंपर्क अभियान, सोशल इंजीनियरिंग, युवा एवं महिला सहभागिता, साथ ही वैचारिक मजबूती जैसे कई अहम मुद्दों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हुई।
मा. संगठन महामंत्री श्री अमिताभ चक्रवर्ती ने डॉ. मिथिलेश कुमार को पश्चिम बंगाल की राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए वहां संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा का आधार लगातार मजबूत हो रहा है और समर्पित, अनुभवी तथा संघर्षशील कार्यकर्ताओं की भूमिका आने वाले समय में निर्णायक सिद्ध होगी। डॉ. मिथिलेश कुमार ने संगठन महामंत्री को आश्वस्त किया कि भाजपा बिहार द्वारा उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण एवं संगठन के सिद्धांतों के अनुरूप निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान है, जिसमें हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।”
गौरतलब है कि भाजपा बिहार ने अपने जुझारू कार्यकर्ता की पहचान रखने वाले प्रदेश प्रवक्ता एवं सीतामढ़ी के पूर्व विधायक डॉ. मिथिलेश कुमार को पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक कार्यों में योगदान देने हेतु विशेष रूप से रवाना किया है। पार्टी नेतृत्व को उनके संगठनात्मक अनुभव, वैचारिक स्पष्टता और जनसंपर्क क्षमता पर पूर्ण विश्वास है। यही कारण है कि उन्हें “बंगाल फतह” के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, डॉ. मिथिलेश कुमार पश्चिम बंगाल में प्रवास के दौरान विभिन्न जिलों में संगठनात्मक बैठकें करेंगे, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे तथा केंद्र और राज्य नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। उनका यह दौरा भाजपा की रणनीतिक तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मिथिलेश कुमार को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और कार्यशैली से पश्चिम बंगाल में भाजपा संगठन को नई मजबूती मिलेगी और पार्टी अपने लक्ष्य की ओर और तेजी से अग्रसर होगी। भाजपा के इस कदम को संगठनात्मक दृष्टि से दूरदर्शी निर्णय माना जा रहा है, जो यह दर्शाता है कि पार्टी नेतृत्व प्रत्येक राज्य में अपने अनुभवी कार्यकर्ताओं की क्षमता का उपयोग कर राष्ट्रव्यापी संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सतत प्रयासरत हैं।












