मुंगेर में बेनकाब हुई ‘मिनीगन फैक्ट्री’, STF–मुंगेर पुलिस की बड़ी कामयाबी
मुंगेर। बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और मुंगेर जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। दिनांक 24 दिसंबर 2025 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी के तारापुर दियारा में छापेमारी कर एक सक्रिय मिनीगन फैक्ट्री का सफल उद्भेदन किया गया। इस दौरान हथियार बनाने में संलिप्त तीन शातिर तस्करों/कारिगरों को अवैध आग्नेयास्त्रों और हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरभ कुमार, सिंटू कुमार मंडल (दोनों—लक्ष्मीपुर सीताकुंड डीह, थाना मुफस्सिल) तथा छबीला सिंह उर्फ भोकला सिंह (निवासी—रैता, थाना हडिनमार), सभी जिला मुंगेर के रूप में हुई है। छापेमारी स्थल से अवैध आग्नेयास्त्र, हथियारों के अधबने पुर्जे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह गिरोह लंबे समय से सुनियोजित तरीके से हथियार तैयार कर रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हथियार तस्कर सौरभ कुमार के विरुद्ध मुफस्सिल थाना में आर्म्स एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि सिंटू कुमार मंडल के खिलाफ मुफस्सिल एवं सीताकुंड थाना में आर्म्स एक्ट के दो कांड दर्ज पाए गए हैं। इससे इनके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की गंभीरता उजागर होती है।
बिहार पुलिस ने इस कार्रवाई को राज्य में अवैध हथियार कारोबार पर बड़ी चोट बताते हुए कहा कि आगे की पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस सफल ऑपरेशन से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को मजबूती मिली है और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।












