ई-रिक्शा से 108 लीटर शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार; दूसरा फरार
नौतन। से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन थाना क्षेत्र में रविवार की शाम वाहन जांच के दौरान पुलिस ने शराब लदे एक ई-रिक्शा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से कार्टन में पैक करीब 108 लीटर शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पुलिस को देखते ही ई-रिक्शा से कूदकर एक अन्य तस्कर फरार हो गया। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि रविवार की शाम पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान यूपी की ओर से आ रहे एक ई-रिक्शा को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को देखते ही ई-रिक्शा के साइड में बैठा एक युवक अचानक कूदकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने ई-रिक्शा पर सवार दूसरे युवक को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ई-रिक्शा में कार्टन में पैक 108 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से सिकुआरा गांव निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार तस्कर की पहचान बिटु भगत के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।












