कटेया में 36 लीटर देसी शराब बरामद, बिना नंबर की अपाची बाइक जप्त तस्कर फरार
कटेया/गोपालगंज। कटेया पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 लीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की अपाची RTR-160 मोटरसाइकिल भी जब्त किया । जबकि तस्कर भागने में सफल हो गया।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को कटेया थाना क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त एवं शराब जांच अभियान पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक व्यक्ति उजले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से अवैध देसी शराब लेकर बिहार की ओर आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाराचाप स्थित धोबहा घाट के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान करीब 13:05 बजे उत्तर प्रदेश की ओर से आती एक उजले रंग की मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक बाइक छोड़कर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया परन्तु वह भागने में सफल रहा ।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर बंधे उजले रंग के बोरे से देसी शराब के कुल 36 लीटर बरामद किए गए। इसके बाद शराब और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया गया।
जब्त मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट नहीं था। पुलिस ने उसके चेसिस नंबर और इंजन नंबर को भी जब्ती सूची में दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले में बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब का परिवहन एवं बिक्री करने के आरोप में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। जब्त शराब,व मोटरसाइकिल को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस ने अभिलेख में दर्ज किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।












