पुलिस दीदी योजना से महिला सुरक्षा को मिलेगी नई रफ्तार, गोपालगंज पुलिस को मिली 15 स्कूटी व 10 मोटरसाइकिल
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता और त्वरित पुलिस सहायता को और प्रभावी बनाने की दिशा में गोपालगंज पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। बिहार सरकार की “पुलिस दीदी” (अभया बिग्रेड) योजना के तहत जिले को 15 स्कूटी एवं 10 मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई गई हैं।
28 अगस्त 2026 को पुलिस केंद्र, गोपालगंज से पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), गोपालगंज द्वारा इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों के माध्यम से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को और मजबूत किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, इन वाहनों की मदद से महिला एवं बालिका सुरक्षा, जागरूकता कार्यक्रमों तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में काफी सहूलियत होगी। खासकर शिक्षण संस्थानों के आसपास पुलिस की सक्रियता बढ़ने से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
🚨 महिला सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती
“पुलिस दीदी” योजना के तहत उपलब्ध कराए गए ये वाहन महिला एवं बालिका सुरक्षा के लिए पुलिस की त्वरित पहुंच और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे जरूरत के समय पुलिस सहायता पहुंचाने में लगने वाला समय भी कम होने की उम्मीद है।
गोपालगंज पुलिस की इस पहल से जिले में महिला सुरक्षा, जागरूकता और त्वरित पुलिस सेवा को नई गति मिलने की उम्मीद है।












