गंडक के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने मंगलपुर पुल का किया निरीक्षण
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ ने मंगलपुर पुल एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नदी के जलस्तर, संभावित प्रभाव और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों से गंडक नदी के वर्तमान जलस्तर एवं क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा निचले और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने को कहा।
निचले इलाकों में रहने वालों से सतर्क रहने की अपील
जिला पदाधिकारी ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर उन्हें संभावित जलस्तर वृद्धि की जानकारी दी। उन्होंने निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य संवेदनशील लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
डीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
अफवाहों से बचें, प्रशासन की सूचना पर करें भरोसा
जिला पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी के किनारे अथवा जलभराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने और किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित बाढ़ एवं जलस्तर वृद्धि की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय, अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री शाहनवाज खान, कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।












