सीवान जिलाधिकारी ने की नौतन में परिचयात्मक बैठक, जनप्रतिनिधियों से संवाद कर सुनी समस्याएं
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट


सीवान जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बुधवार को नौतन प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया और प्रखंड व अंचल में संचालित कार्यों की जानकारी ली। प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को क्षेत्र में चल रहे प्रशासनिक कार्यों तथा विभिन्न विभागों की गतिविधियों से अवगत कराया। वहीं, मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा। उपप्रमुख प्रसिद्ध कुमार ने नौतन बाजार में जल निकासी की गंभीर समस्या का मुद्दा उठाते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की। उन्होंने पारस भगत के टोला में सड़क की समस्या सहित क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जल निकासी एवं सड़क जैसी समस्याओं के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला पदाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
डेढ़ घंटे तक चली बैठक के बाद जिलाधिकारी ने मीडिया को बताया कि यह एक परिचयात्मक बैठक थी, जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड व अंचल के सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनकी समस्याएं एवं सुझावों को सुना गया। सभी समस्याओं को टाइमलाइन बनाकर उनका निस्तारण किया जाएगा।
इस मौके पर अंचलाधिकारी शशी कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजलि कुमारी, आरओ, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित प्रखंड एवं अंचल के सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रखंड प्रमुख मीरा देवी, प्रमुख प्रतिनिधि राजेश पांडेय, उपप्रमुख प्रसिद्ध कुमार, मुरारपट्टी पंचायत के मुखिया हवलदार अंसारी, मुखिया संघ के जिला सचिव सह खलवां मुखिया अमित सिंह उर्फ पिंटू सिंह, सरपंच तारा कुमार यादव, राजा हुसैन, सांसद प्रतिनिधि दीनदयाल बिन्द सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।












