बारह रबीउल अव्वल पर नौतन में निकला भव्य जुलूस, या मोहम्मद की सदाओं से गूंजा नौतन
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट


बारह रबीउल अव्वल के अवसर पर बुधवार को नौतन प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग एवं युवा शामिल हुए। इस दौरान पूरा क्षेत्र “या मोहम्मद” की सदाओं से गूंज उठा। जुलूस में शामिल लोगों ने धार्मिक नारों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी खुशी का इजहार किया।जुलूस विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा, जहां जगह-जगह लोगों ने इसका स्वागत किया। सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अंचलाधिकारी शशी कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा नौतन थानाध्यक्ष जीत मोहन कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और जुलूस की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। वहीं, नौतन के उपप्रमुख प्रसिद्ध कुमार ने जुलूस में शामिल युवाओं के लिए पानी, बिस्किट आदि की व्यवस्था कर जलपान कराया। इस दौरान उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की।प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी और स्थानीय लोगों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। क्षेत्र में पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह और उल्लास देखने को मिला।












