जमीन का बैनामा कराने के नाम पर रुपये हड़पने का आरोप, प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार
कटेया/गोपालगंज। जमीन का बैनामा कराने के नाम पर रुपये लेने, बैनामा नहीं करने और रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर बिना पर्याप्त राशि वाले बैंक खाते का चेक देकर रुपये हड़पने के मामले में कटेया थाना पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से मामले में नया मोड़ आ गया है।
पुलिस के अनुसार, कटेया थाना कांड संख्या 198/26, दिनांक 08 अप्रैल 2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) बीएनएस एवं 138 एनआई एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में वादी ने आरोप लगाया था कि जमीन का बैनामा कराने के नाम पर उससे रुपये लिए गए, लेकिन बाद में बैनामा नहीं किया गया। रुपये वापस मांगने पर उसे ऐसा बैंक चेक दिया गया, जिसके खाते में पर्याप्त राशि नहीं थी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। इसी क्रम में वांछित अभियुक्त चुन्नू साह, पिता-कुमार साह, साकिन-सोहनरिया, थाना-कटैया, जिला-गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था सुधार के लिए वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कटेया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस का संदेश: अपराध एवं धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।












