साइबर स्मार्ट मंगलवार: इम्पेरियल पब्लिक स्कूल में छात्रों को साइबर अपराध से बचाव का पाठ
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “साइबर स्मार्ट मंगलवार” अभियान के तहत मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को हथुआ थाना क्षेत्र स्थित इम्पेरियल पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) सहित साइबर थाना के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे और स्कूली बच्चों को साइबर अपराध के बढ़ते खतरों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, OTP शेयरिंग, बैंकिंग धोखाधड़ी समेत विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करना चाहिए और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
अधिकारियों ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सतर्क रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता और सतर्कता है।












