समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन और राजस्व वसूली में तेजी लाने के दिए निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित नीलाम पत्र वादों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का शीघ्र एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान डीएम ने विभागवार लंबित वादों की स्थिति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहें।
डीएम समीर सौरभ ने कहा कि जिन मामलों में वसूली की कार्रवाई लंबित है, उनमें विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए तेजी से कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को लंबित मामलों का अद्यतन विवरण तैयार कर विशेष अभियान चलाने और राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बाधाओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं नीलाम पत्र वादों से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।












