विशेष अभियान के तहत गोपालपुर थाना पुलिस की कार्रवाई, लंबे समय से फरार अभियुक्त को दबोचा गया।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालपुर थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वर्ष 2016 के अपहरण कांड के एक प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गोपालपुर थाना कांड संख्या 34/16, दिनांक 27 अप्रैल 2016 में दर्ज अपहरण मामले (धारा 363, 364(ए)/34 भादवि) के नामजद अभियुक्त शिवजी पांडेय, पिता दीपा पांडेय, निवासी सहूली, थाना हुसैनगंज, जिला सिवान को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों एवं फरार अभियुक्तों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।












