विशेष अभियान के तहत पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी को दबोचा, न्यायिक प्रक्रिया शुरू।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उचकागांव थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने धोखाधड़ी (Cheating) के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, उचकागांव थाना कांड संख्या 262/26 (दिनांक 03 जुलाई 2026) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 318(4), 316(2), 338, 352, 351(2) एवं 3(5) के तहत दर्ज मामले के अभियुक्त साहेब हुसैन साईं उर्फ मुन्ना साईं, पिता जहरुद्दीन साईं, निवासी त्रिलोकपुर, थाना उचकागांव, जिला गोपालगंज को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












