नौतन में बीस सूत्री की बैठक आयोजित, स्वास्थ्य और बिजली कटौती के मुद्दे पर विशेष चर्चा
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को बीस-सूत्री की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बीस-सूत्री अध्यक्ष रवींद्र सिंह कुशवाहा ने की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्चना कुमारी भी उपस्थित रहीं। बैठक का शुभारंभ सभी उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। सबसे पहले सदस्यों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित मुद्दे को उठाते हुए अपनी मांगे रखी। इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्चना कुमारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी आकाश कुमार को इस संबंध में अमल करने का आदेश दिया। प्रखंड उप-प्रमुख प्रसिद्ध कुमार ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित चिकित्सक अपने निर्धारित रूटीन के अनुसार उपस्थित रहें। उन्होंने आए दिन बिजली कटौती की समस्या का मुद्दा भी उठाया और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर बिजली विभाग के जेई ने ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह उपलब्ध न होने की समस्या सामने रखते हुए जगह उपलब्ध कराने की मांग की। जवाब में उप-प्रमुख प्रसिद्ध कुमार ने जगह उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस मुद्दे पर कुछ देर तक सवाल-जवाब का सिलसिला चला। मौके पर बीस-सूत्री उपाध्यक्ष कृष्णा प्रसाद एवं सभी सदस्य मौजूद रहे।












