बिहार सरकार के 100 दिन: सेवा, संकल्प और समर्पण की उपलब्धियों का हुआ विशेष प्रसारण
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज: बिहार सरकार के “सेवा, संकल्प और समर्पण” के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय सभा कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं 100 दिनों में किए गए विकास कार्यों का विशेष प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं जीविका दीदियों ने सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, जीविका दीदियां एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा जनकल्याण, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बीते 100 दिनों के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों की प्रमुख योजनाओं की प्रगति, विकास परियोजनाओं की उपलब्धियां तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया गया। साथ ही सुशासन, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन के जरिए जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं जीविका दीदियों ने सरकार की विकासोन्मुखी पहल की सराहना करते हुए जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।












