फुटपाथ दुकानदारों को मिलेगा व्यवस्थित व्यवसायिक स्थल, शहर की यातायात व्यवस्था भी होगी बेहतर
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज शहर को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने गुरुवार को शहर में प्रस्तावित वेंडिंग ज़ोन के लिए चिन्हित स्थलों का स्थल निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि वेंडिंग ज़ोन के विकसित होने से फुटपाथ दुकानदारों एवं रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को एक सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान मिलेगा। इससे शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, अतिक्रमण की समस्या कम होगी तथा आम नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
जिला पदाधिकारी ने शहर में चिन्हित पांच प्रस्तावित वेंडिंग ज़ोन स्थलों का निरीक्षण किया। इनमें बंजारी के पास, सर्किट हाउस के पास सहित अन्य निर्धारित स्थान शामिल हैं। उन्होंने प्रत्येक स्थल पर उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि वेंडिंग ज़ोन के निर्माण में सभी निर्धारित मानकों का पालन किया जाए, ताकि फुटपाथ विक्रेताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त व्यवसायिक स्थल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह, अंचल अधिकारी, गोपालगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की इस पहल से शहर में व्यवस्थित बाजार व्यवस्था विकसित होने और फुटपाथ विक्रेताओं को स्थायी सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।












